Saturday, April 19, 2025
HomeGUJARAT GROUNDAHMEDABADगुजरात में 8 और 9 फरवरी को राज्य स्तरीय "मिलेट महोत्सव 2025

गुजरात में 8 और 9 फरवरी को राज्य स्तरीय “मिलेट महोत्सव 2025

Share:

श्री अन्न और प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित करेगा मिलेट महोत्सव 2025

राज्य स्तरीय मिलेट महोत्सव अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित होगा, जिसमें FPO से जुड़े 1000 से अधिक किसान और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे

कार्यक्रम में अहमदाबाद में 125 और अन्य 6 नगर निगमों में 75 प्रदर्शनियाँ लगेंगी, साथ ही, यहाँ राज्य स्तर पर 25 और जिला स्तर पर 15 लाइव फूड स्टॉल्स भी होंगे

गांधीनगर, 05 फरवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2023 में भारत के जी ट्वेन्टी के अध्यक्षता के दौरान विश्व के समक्ष भारत के अन्न यानी मिलेट्स के पौष्टिक महत्व पर विशेष ज़ोर दिया था और उन्होंने भारत के किसानों से भी विशेष आग्रह किया था कि वे इसके उत्पादन पर विशेष ध्यान दें। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रयासों के परिणाम स्वरूप ही संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को “अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष” भी घोषित किया था।
इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार 8 और 9 फरवरी, 2025 को “मिलेट महोत्सव और प्राकृतिक फार्मर मार्केट 2025” का आयोजन करने जा रही है। 8 फरवरी, 2025 को दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद में इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री राघवजी पटेल और कृषि राज्य मंत्री बचुभाई खाबड़ भी उपस्थित रहेंगे। अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन के साथ-साथ राज्य के अन्य 6 नगर निगमों जामनगर, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत, भावनगर और राजकोट में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

किसानों, उपभोक्ताओं और विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा मिलेट महोत्सव 2025

इस कार्यक्रम में अन्न का उत्पादन करने वाले और प्राकृतिक कृषि अपनाने वाले राज्य स्तर के FPO (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) से जु़ड़े लगभग 1000 से अधिक किसान, प्रमुख NGOs और राज्य के शहरी नागरिक एक साथ जुटेंगे। इस कार्यक्रम में 25,000 से 30,000 आगंतुकों के आने की संभावना है। इसी तरह, राज्य के अन्य 6 नगर निगमों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में लगभग 500 किसान और विशेषज्ञ इस आयोजन में भाग लेंगे। इन सभी कार्यक्रम स्थलों में भी प्रत्येक में 20,000 से 25,000 आगंतुकों के आने का अनुमान है।

प्रदर्शनियां, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन

अहमदाबाद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मिलेट महोत्सव 2025 में 125 और शेष 6 नगर निगमों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में 75 स्टॉल्स की प्रदर्शनी रखी जाएगी, जिसमें अन्न आधारित उत्पादों, प्राकृतिक खेती तकनीकों और जैविक कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा, राज्य स्तर पर 100 और जिला स्तर पर 60 स्टॉल्स भी विशेष रूप से अन्न पर आधारित और प्राकृतिक कृषि उत्पादों के लिए समर्पित होंगे। साथ ही, राज्य स्तर पर 25 और अन्य नगर निगमों में 15 लाइव फूड स्टॉल्स भी स्थापित किए जाएंगे।

ज्ञान, नवाचार और सांस्कृतिक उत्सव का संगम बनेगा मिलेट महोत्सव 2025

इस कार्यक्रम के दौरान, अन्न के महत्व, फसल में मूल्यवर्धन, प्राकृतिक खेती, जैविक प्रमाणन और बागवानी उत्पादों की कैनिंग जैसे विषयों पर अग्रणी कृषि वैज्ञानिकों द्वारा पैनल चर्चाओं का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही, अन्न से संबंधित कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन, प्राकृतिक खेती की तकनीकें और खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को कई मूल्यवान जानकारी मिलेंगी। पैनल चर्चाओं और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के अलावा, शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें लाइव बैंड, मैस्कॉट्स, मेंहदी कला, गेम ज़ोन और कठपुतली शो जैसी मनोरंजक गतिविधियां शामिल होंगी।

सतत कृषि और पोषण सुरक्षा की दिशा में गुजरात के प्रयास लगातार जारी

गुजरात सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे इस मिलेट महोत्सव 2025 का उद्देश्य पारंपरिक अनाज की जगह जलवायु-अनुकूल (क्लाइमेट-रिज़ीलियंट) और पोषक तत्वों से भरपूर अन्न की खेती और उनके उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। उल्लेखनीय है कि गुजरात सरकार राज्य में सतत कृषि (सस्टेनेबल एग्रीकल्चर) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। कृषि क्षेत्र में राज्य सरकार के इस तरह के प्रयास न केवल किसानों की आय में वृद्धि करेंगे, और अन्न को लेकर किसानों व उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाएंगे बल्कि व्यापक संदर्भ में भारत को पोषण सुरक्षा (न्यूट्रिशनल सिक्योरिटी) के लक्ष्य के और करीब भी लेकर जाएंगे।y

Bhavy Bhaarat News
Bhavy Bhaarat News
भव्य भारत न्यूज़’ प्राचीतनम् भारत के महान वैभव एवं गौरव को आधुनिकतम् युग में जन-जन तक पहुँचाने का महायज्ञ, महाप्रयोग, महाप्रयास तथा महाभियान है। ‘भव्य भारत न्यूज़’ की ‘राष्ट्र – धर्म सर्वोपरि’ की मूल भावना में ‘विश्व कल्याण’ की विराट भावना भी समाहित है। इस मंच से हम ‘भारत’ को ‘भारत’ के ‘अर्थ’ से अवगत कराने का सकारात्मक, सारगर्भित एवं स्वानुभूत प्रयास करेंगे। ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ तथा राष्ट्र को ही परम् धर्म के रूप में स्वीकार करते हुए कोटि-कोटि भारतवासियों व भारतवंशियों तक आधुनिक विज्ञान के माध्यम से प्राचीनतम्, परंतु आधुनिक-वैज्ञानिक व अनुभूतिपूर्ण ज्ञान परंपरा का जन-जन में प्रचार-प्रसार करना ही हमारा उद्देश्य है।
RELATED ARTICLES

Recent Post

Categories

Stay Connected

Popular Searches